रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। वहीं जिला मुख्यालय पर इन दिनों भोपाल तिराहे से आगे एसपीएम रेलवे क्रॉसिंग के पास खोजनपुर डूब क्षेत्र में श्री कुंज गार्डन के सामने भारी मात्रा में हो रही मिट्टी फीलिंग के मामले को मीडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। उक्त क्षेत्र में चल रहे मिट्टी फीलिंग के मामले की शिकायत भी जिला प्रशासन से हुई है। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशन पर शहरी तहसीलदार सरिता मालवीय के नेतृत्व में खनिज विभाग और राजस्व की टीम द्वारा मौका स्थल पर जाकर जांच कर कार्यवाही की गई है जिसके बाद हड़कंप मच गया। भोपाल तिराहा के समीप श्री कुंज मैरिज गार्डन के सामने किए जा रहे मिट्टी के भंडारण की शिकायत प्राप्त होने पर मामले की संयुक्त जांच तहसीलदार सरिता मालवीय, नायब तहसीलदार नर्मदापुरम एवं खनिज निरीक्षक पिंकी चौहान द्वारा की गई। जांच के दौरान ग्राम खोजनपुर, तहसील नर्मदापुरम स्थित उक्त स्थल पर मिट्टी का अवैध भंडारण पाया गया। राजस्व अभिलेखों के अनुसार यह भूमि रमेश पिता जगना यादव, निवासी ग्वालटोली काली मंदिर के पास, नर्मदापुरम के नाम दर्ज है। जांच के दौरान पूछताछ में सामने आया कि उक्त भूमि पर मिट्टी का अवैध भंडारण इमरतलाल उर्फ मुन्ना ग्वाला द्वारा डम्परों के माध्यम से किया गया है। टीम द्वारा मौके पर भंडारित मिट्टी का मापन टेप से किया गया, जिसमें कुल 798.6 घनमीटर मिट्टी का अवैध भंडारण पाया गया। कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम ने उक्त मिट्टी को जप्त कर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सुरक्षार्थ रखा है। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।


