कटनी (06 अप्रैल) – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार 5 अप्रैल की रात सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा द्वारा मुख्य मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान जांच दल ने रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो वाहनों को पकड़ा। जब्त किए गए वाहनों में एमपी 21 जी 1800 एवं यूपी 95 बी 2327 शामिल हैं, जो बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करते पाए गए।
दोनों वाहनों को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु एन.के.जे. थाना, कटनी में खड़ा कराया गया है। प्रशासन द्वारा प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज माफियाओं एवं अवैध परिवहन में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


