कटनी जिले की रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल तस्वीर अब कैमरे में कैद हो चुकी है। अस्पताल परिसर में फैली गंदगी, अव्यवस्थाओं का अंबार और कर्मचारियों की लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल के वार्डों और परिसर में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सभी मरीजों को चादर तकिया तक नहीं मिलता है,जिसको मिलता भी है तो गंदा और फटा पुराना। एक बुजुर्ग मरीज का वीडियो बयान भी सामने आया, जिसमें वह इलाज में हो रही देरी और कर्मचारियों की अनदेखी से आक्रोशित होकर अपनी पीड़ा बयां कर रहा है।
*मरीजों के बयान ने खोली पोल*
वीडियो में कई मरीजों ने खुलकर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यहां न तो समय पर डॉक्टर मिलते हैं और न ही साफ-सफाई का ध्यान रखा जाता है। इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन सुनवाई नहीं होती।
*जिम्मेदारों पर उठे बड़े सवाल*
यह कोई पहली बार नहीं है जब रीठी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हों। लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कब तक मरीज इस लापरवाही का शिकार होते रहेंगे?
*कार्रवाई की मांग तेज*
स्थानीय लोगों और मरीजों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को तुरंत सुधारा जाए और लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग जागता है या फिर मरीजों की यह दर्द भरी आवाजें यूं ही अनसुनी रह जाएंगी।
हरिशंकर बेन


