उमरियापान: उमरियापान के मुख्य बाजार स्थित झंडा चौक पर बने अशोक स्तंभ को हटाए जाने के बाद अब तक नया निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। वर्तमान में केवल एक पिलर खड़ा है,
जो शोपीस बनकर रह गया है, जबकि स्तंभ का निर्माण अधूरा पड़ा है। स्तम्भ के आसपास गंदगी पसरी रहने से स्थानीय लोगों में असंतोष का माहौल बना हुआ है। जनवरी माह में अशोक स्तंभ को जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाया गया था, लेकिन इसके बाद ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। उमरियापान के झंडा चौक में करीब छह दशक पूर्व निर्मित अशोक स्तंभ नगर की पहचान और गौरव का प्रतीक रहा है। इस स्थल पर प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण किया जाता था।वहीं हिंदू नववर्ष एवं अन्य प्रमुख जयंती अवसरों पर दीप प्रज्वलन जैसे आयोजन भी होते थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्तंभ निर्माण अधूरा रहने के कारण इस वर्ष नवरात्रि के दौरान दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित नहीं हो सका। स्तंभ के अभाव में कई वाहन चालक भी भ्रमित होकर आगे निकल जाते हैं। ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


