MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी (31 मार्च) – जिले में नवीन शिक्षण सत्र वर्ष 2026-27 एक अप्रैल से शुरू होगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इसे “स्कूल चलें हम” अभियान के रूप में मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को अभियान के व्यवस्थित और सुचारु संपादन के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। अभियान 4 अप्रैल तक चलेगा। अभियान के तहत कटनी जिले में 1 से 4 अप्रैल तक प्रतिदिन शालाओं में कार्यक्रम होंगे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अभियान अवधि के दौरान जिले के शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के नामांकन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। जिले में करीब 1 हजार 985 सरकारी स्कूल हैं। इनमें प्रायमरी स्कूल 1278, मिडिल स्कूल 531 तथा 176 हाई और हायर सैकेण्डरी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन के 43 संस्थायें संचालित है, जहां बच्चों को नर्सरी और केजी की पढ़ाई कराई जाती है। इन सब स्कूलों को मिला कर जिले के शासकीय स्कूलों में लगभग 1 लाख 66 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
*प्रवेशोत्सव कार्यक्रम*
कलेक्टर श्री तिवारी ने 1 अप्रैल को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को सहभागी बनाने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में सांसद, विधायक एवं अन्य जन-प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने कहा है। प्रवेशोत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम सांदीपनि विद्यालय झिंझरी में होगा। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में ऐसी व्यवस्था की गई है कि नये शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकें और साइकिल वितरण किया जाये।
*सांस्कृतिक एवं खेल-कूद गतिविधियाँ*
“स्कूल चलें हम” अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर 2 अप्रैल को शाला स्तर पर पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेल-कूद की गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। इसका उद्देश्य पालकों को विद्यालय से जोड़ना है। इसी दिन शाला में उपस्थित पालकों को शैक्षणिक स्टाफ द्वारा राज्य सरकार की स्कूल शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। पिछले शैक्षणिक सत्र में जिन विद्यार्थियों की 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति रही है, उनके पालकों को सभा में सम्मानित किया जायेगा।
*भविष्य से भेंट कार्यक्रम*
“स्कूल चलें हम” अभियान के तहत शनिवार 4 अप्रैल को शालाओं में “भविष्य से भेंट’’ कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रबुद्ध और सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट के लिये आमंत्रित किया जायेगा। इसी दिन राज्य शासन के अधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जायेगा। आमंत्रित अतिथि उपस्थित बच्चों को पढ़ाई के महत्व और प्रेरणादायी कहानियां सुनाएंगे। इस दौरान सामाजिक संस्था एवं आमंत्रित व्यक्ति स्वेच्छा से विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला परियोजना समन्वयक को जिले के अधिकारियों को किसी एक शाला में जाकर एक कालखण्ड में बच्चों के साथ संवाद करने के लिए ड्यूटी आदेश जारी करवाने के निर्देश दिये हैं।


