कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। लमतरा फाटक के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे करीब 10 से 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, गुप्ता बस सर्विस की बस (MP 53P 0214) विजयराघवगढ़ से कटनी की ओर आ रही थी। रास्ते में लमतरा के पास बस अचानक बंद हो गई। चालक और अन्य लोगों ने धक्का लगाकर बस को दोबारा चालू किया, लेकिन कुछ दूरी चलने के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


