कटनी (29 मार्च) – शासन द्वारा महावीर जयंती पर्व की तिथि में परिवर्तन किए जाने के फलस्वरूप अब यह पर्व 31 मार्च के स्थान पर 30 मार्च, सोमवार को मनाया जाएगा। इसी क्रम में नगर निगम प्रशासन द्वारा उक्त दिवस पर नगर सीमा क्षेत्र में मांसाहारी पदार्थों के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लागू किया गया है।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में अब सोमवार 30 मार्च को मुर्गा, मुर्गी, मांस एवं मछली सहित सभी प्रकार के मांसाहारी पदार्थों का क्रय विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में नगर के समस्त संबंधित व्यवसायियों को आम सूचना जारी कर निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि 30 मार्च सोमवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखें।
स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।


