उमरियापान:- जमीन विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर ढीमरखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि ग्राम बरेली निवासी फरियादी रणजीत पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी दिलीप दुबे, मनीष पांडे, मुकुंदी पटेल एवं मुकेश पटेल द्वारा महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन बेचने के नाम पर 24 लाख 52 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मुकेश पटेल ने एसआरएम फाउंडेशन ऑफ इंडिया के नाम से फर्जी बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों के माध्यम से आरोपी मनीष पांडे और दिलीप दुबे द्वारा धोखाधड़ी की रकम अपने खातों में ट्रांसफर की जाती थी। साथ ही मुकुंदी पटेल के नाम से भी फर्जी खाता खोलकर राशि का लेनदेन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकुंदी पटेल निवासी हरदुआ कला थाना विजयराघवगढ़ एवं मुकेश पटेल निवासी जागृति कॉलोनी थाना एनकेजे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपी मनीष पांडे और दिलीप दुबे फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी,सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह,प्रधान आरक्षक सुब्बचन यादव,आरक्षक पंकज सिंह,देवेंद्र अहिरवार,डुमनदास एवं गंधर्व सिंह की भूमिका रही।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


