कटनी नगर में आयोजित हो रहे आस्था एवं भक्ति के नवरात्रि पर्व की नवमी के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों से निकलने वाले ज्वारों के व्यवस्थित विसर्जन को सुनिश्चित करने हेतु निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने निगम के विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय सीमा में निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निगमायुक्त ने शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय एवं प्रतिवर्ष निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं के अनुरूप सभी मंदिरों एवं देवालयों के आसपास, पहुंच मार्गों तथा जावरा विसर्जन मार्गों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही चूने की लाइनिंग, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तथा आवारा मवेशियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विसर्जन स्थलों एवं मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, आवश्यकतानुसार पेयजल व्यवस्था, गड्ढों की फिलिंग, मार्ग के अस्थाई अतिक्रमण को हटाने के साथ ही जावरा विसर्जन हेतु आवश्यकतानुसार कृत्रिम जलकुंडों के निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।


