उमरियापान:- बर्मन, मांझी, ढीमर एवं केवट समाज द्वारा उमरियापान में गुहा निषादराज जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत सिद्ध महाराज की भटिया स्थित हनुमान मंदिर से हुई। जहां समाज के लोग एकत्रित होकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात पुरैहना तालाब स्थित हनुमान मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों खेर माता मंदिर, आजाद चौक, न्यू बस स्टैंड, झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर एवं बरातरे होते हुए पुनः हनुमान मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण कुमार, केवट एवं निषादराज की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण के रूप में सजे कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर युवक-युवतियां उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और समाजसेवियों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। लोगों ने भगवान का पूजन कर मिष्ठान एवं जलपान कराया। प्रसाद का वितरण किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे।
20 लाख रुपये से बनेगा निषादराज भवन:- गुहा निषादराज जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान का पूजन कर समाजजनों का स्वागत किया। इस दौरान समाज की मांग पर विधायक ने निषादराज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


