लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर नागरिकों ने की पुलिस प्रशासन से अंकुश लगाने की मांग
गोटेगांव। गोटेगांव नगर सहित ग्रामीण अंचलों में बीते कुछ समय से चोरी की वारदातों में अचानक आई तेजी ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब सार्वजनिक भवनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। हाल ही में ग्राम बगासपुर के पंचायत भवन और नगर के गांधी वार्ड स्थित एक बर्फ फैक्ट्री में हुई बड़ी चोरियों ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
*पंचायत भवन के ताले चटकाकर लाखों के उपकरण पार*
ताजा मामला ग्राम रामनिवारी से महज दो किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बगासपुर का है। यहाँ अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन को अपना निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ग्राम सरपंच चौधरी सुधीर पटेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चोरों ने पंचायत कार्यालय के ताले तोड़कर भीतर रखे कीमती बिजली उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गई सामग्रियों में दो 42 इंच की एलईडी टीवी, बैटरी सहित इन्वर्टर, साउंड सिस्टम, कंप्यूटर स्कैनर, दो स्टैंड पंखे और रिसीवर शामिल हैं। इन सभी उपकरणों की कुल कीमत एक लाख रूपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में असुरक्षा का भाव है, क्योंकि कुछ समय पूर्व रामनिवारी के जैन मंदिर में भी लाखों की चोरी हुई थी, जिसका सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा पाई है।
*सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई बर्फ फैक्ट्री की चोरी*
वहीं दूसरी ओर, नगर के गांधी वार्ड (किसानी मोहल्ला) निवासी अजय बझैया की बर्फ फैक्ट्री में भी चोरी की वारदात सामने आई है। फैक्ट्री संचालक ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोटेगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 20 मार्च की अलसुबह करीब 4:45 बजे चिन्ना मेहरा नामक व्यक्ति फैक्ट्री में चोरी करते हुए पाया गया। आरोपी ने फैक्ट्री से गैस सिलेंडर, तांबे के पाइप, कीमती तांबे की फिटिंग और बर्फ-कुल्फी से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिया। संचालक का दावा है कि आरोपी पिछले दो-तीन दिनों से लगातार चोरी कर रहा था और चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रूपये है।
*पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल*
लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण गोटेगांव क्षेत्र के नागरिकों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस छोटे-मोटे विवादों को सुलझाने में तो सक्रिय रहती है, लेकिन चोरों और पेशेवर अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। अपराधियों में कानून का डर खत्म होता नजर आ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इन चोरी की वारदातों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम की जाए।


