कैमोर नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय किशोरी का शव एक पुराने सूखे कुएं में मिला। मृतका 10वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ वार्ड क्रमांक 6 खलवारा बाजार में रहती थी।
जानकारी के अनुसार, रोजे के दौरान सहरी के समय जब परिवार के लोग उठे तो किशोरी घर पर नहीं मिली। परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और लगातार खोजबीन जारी रही।
शनिवार दोपहर करीब 1 बजे शिवा नगर आदिवासी बस्ती के एक कुएं में शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान लापता किशोरी के रूप में हुई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है, इसकी जांच हर एंगल से की जा रही है।
ईद जैसे त्योहार के बीच हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


