MP NEWS CAST
Manish Gautam 9993205230
कटनी (19 मार्च)- सृष्टि के आरंभ दिवस और भारतीय नव वर्ष विक्रम संवत 2083 के शुरूआत पर गुरूवार को बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में विक्रमोत्सव- 2026 का भव्य और अविस्मरणीय आयोजन किया गया। यहां इस कार्यक्रम में भगवान सूर्य की उपासना की गई और पूरे विधि-विधान से ब्रम्हध्वज की स्थापना की गई।
इस दौरान विधायक मुडवारा श्री संदीप जायसवाल, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, निगमायुक्त तपस्या परिहार, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पूर्व महापौर शंशांक श्रीवास्तव, रामरतन पायल और अल्का जैन सहित संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा और पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास के सचिव निर्भय सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहें। इस मौके पर संप्रेषणा नाटय मंच द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर केंद्रित नाटक का मंचन किया गया और इनसे संबंधित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। जिसे लोगों ने काफी सराहा।
इस मौके पर विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सम्राट विक्रमादित्य न्याय, वीरता, शिक्षा, समय गणना सहित अन्य उत्कृष्ट कार्यों के लिए जाने जाते है। नई पीढ़ी को उनसे सीख और प्रेरणा लेते हुए जीवन में इसे आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म और विज्ञान एक दूसरे के पूरक हैं, आप सभी शिक्षा पर भी विशेष और खास ध्यान दें।
कार्यक्रम को जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने संबोधित करते हुए सम्राट विक्रमादित्य के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होनें कहा कि नवसंवत्सर सृष्टि के आरंभ दिवस की अमृतबेला को हर्षोल्लास से मनाये जाने वाला पर्व है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा में मार्ल्यापण और दीप प्रज्जवलन किया गया। कार्यक्रम के अंत में नाटय दल के प्रतिभागियों को मंच पर सम्मानित किया गया।


