कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक तेज रफ्तार बोलेरो और ऑटो के बीच हुई टक्कर में ऑटो सवार आठ यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार विश्राम बाबा से सिहोरा की ओर जा रही एक ऑटो को कटनी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बहोरीबंद मोड़ के पास रात करीब 8 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार यात्री घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कटनी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है।
हादसे में घायल होने वालों में आरती सर्वानी (35), मुस्कान सर्वानी (20), आयुष (16), प्रियम मलिक (17), रेखा मलिक (42), आरती समुद्री (40), निक्की समुद्री (30) और धर्मेंद्र मलिक (50) शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


