VIDEO धान भुगतान की मांग को लेकर मझौली में विधायक पर वादा खिलाफी का आरोप, कांग्रेस ने किया पुतला दहन
सिहोरा/मझौली। मझौली तहसील क्षेत्र में धान की फसल के भुगतान को लेकर किसानों की समस्या लगातार गहराती जा रही है। किसानों का आरोप है कि अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय करने के बाद भी उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय विधायक अजय विश्नोई और प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं क्षेत्रीय विधायक का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार मझौली तहसील कार्यालय के सामने किसान पिछले एक माह से अधिक समय से धान की फसल के भुगतान की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने शासन की नीति के तहत अपनी धान की उपज खरीदी केंद्रों में जमा कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल पाया है। भुगतान में हो रही देरी के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और अपने ही मेहनत की कमाई के लिए भटकने को मजबूर हैं।
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। किसानों के अनुसार भुगतान में देरी होने से खेती के अगले सीजन की तैयारी पर भी असर पड़ रहा है। कई किसानों को घरेलू खर्च और खेती के कामकाज के लिए उधार लेना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि क्षेत्रीय विधायक ने किसानों को जल्द भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक वह वादा पूरा नहीं हुआ। इसे लेकर कांग्रेस ने इसे वादा खिलाफी करार देते हुए विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया। इसी के तहत गुरुवार को मझौली के पोला तिराहा पर मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही किसानों के धान का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेश मांझी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, जिला महासचिव दिलीप सिंह राजपूत, ब्रजेश दुबे (बबलू पंडा), वरिष्ठ नेता दुर्गेश पटेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अम्बर सिंह राजपूत, हल्कु चौधरी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप पटेल, लाल चौबे, योगेश चौबे, विनीत सिंह राजपूत, रत्नेश चौबे, मोनू राय, परवेज़ आलम, युवा कांग्रेस जिला ग्रामीण अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव, युवा कांग्रेस पाटन-मझौली विधानसभा अध्यक्ष ललित सोनी, युवा कांग्रेस मझौली ब्लॉक अध्यक्ष आभाष दुबे, आशीष पटेल, दीपक जैन, रत्नेश राय, विवेक यादव, सक्षम सिंह, पीयूष तिवारी, मोनू तिवारी, हर्षित सिंह राजपूत (करणी सेना), नीरज सिंह राजपूत, राजनंद सिंह राजपूत, रघुराज राजपूत समेत सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों के बकाया धान भुगतान की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


