कटनी नगर निगम कार्यालय स्थित मेयर इन काउंसिल कक्ष में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएँ सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नाली निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण ,पेंशन तथा राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया।
मंगलवार 10 मार्च को आयोजित जनसुनवाई में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ लेते हुए उन पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने स्तर पर नियमित रूप से समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करे, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को अपनी बात रखने का सीधा मंच मिलता है, जिससे नगर निगम को भी शहर की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने में मदद मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम प्रशासन शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता रहेगा।


