नेहरू वार्ड के व्यावसायिक एवं रहवासी क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का निगमायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
कटनी (6 मार्च) – शहर को स्वच्छता के उच्चतम मानकों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता के तहत निगम प्रशासन द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा रोजाना नगर की सफाई व्यवस्था का प्रातःकालीन निरीक्षण कर सर्वेक्षण के मापदंडों के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने हेतु अधिकारी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही है।
गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देनें किया प्रेरित
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने शुक्रवार प्रातः नेहरू वार्ड पहुंचकर वहां किये जा रहे डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्रीय निवासियों से घर-घर संपर्क कर कचरा कलेक्शन कार्य के संबध में सीधा संवाद भी किया तथा उन्हें स्वच्छता के नियमों की जानकारी दी। निगमायुक्त ने रहवासियों से गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने तथा कचरा वाहन में अलग-अलग देकर स्वच्छता की इस प्रतियोगिता में सहभागिता का आह्वान किया। निगमायुक्त नें कहा कि हमारा लक्ष्य केवल रैंकिंग तक सीमित न होकर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाकर हर नागरिक को स्वच्छता के महायज्ञ का सहभागी बनाना है। इस दौरान निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा नेपाली मोहल्ला, बजरंग कालोनी, हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के रेसिडेंसियल तथा कार्मशियल क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का आंकलन करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लानें तथा नाले- नालियों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नोड़ल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, हैड सफाई दरोगा तेजभान सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के कड़े मानकों पर खरा उतरनें के लिए निगम प्रशासन द्वारा दो शिफ्ट में नगर के सार्वजनिक मार्गो, तिरहों, चैराहों, बाजार क्षेत्रों सहित सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के प्रयास किये जा रहे है। वहीं किये जा रहे प्रयासों की मानिटरिंग हेतु निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नियुक्त वार्डवार नोडल अधिकारियों द्वारा प्रातःकालीन सफाई व्यवस्था की निरीक्षण कर प्राप्त कमियों को दूर किये जाने का कार्य अनवरत जारी है। निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे कचरा इधर-उधर न फेंके डस्टबिन का ही उपयोग करें।


