दुल्हन गैंग के 9 सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
पन्ना पुलिस ने शादी कराने का झाँसा देकर लोगों से वसूली करने वाली लुटेरी दुल्हन गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के 09 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा फर्जी शादी के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर नकद राशि व कीमती सामान की वसूली की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉरपियो कार, 01 अपाचे मोटर साइकिल, 10 मोबाइल फोन, एक टैबलेट तथा सौंदर्य सामग्री सहित लाखों रुपये का मशरूका जप्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग सुनियोजित तरीके से अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय थी और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाती थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में विस्तृत पूछताछ जारी है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों एवं वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाह प्रस्ताव या लेन-देन से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पन्ना, शुक्रवार 27 फरवरी 2026


