कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में 124 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंह उइके, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
आर्थिक सहायता दिलायें
जनसुनवाई के दौरान नीरज गुप्ता ने कलेक्टर श्री तिवारी को अपनी शिकायत में बताया कि स्लीमनाबाद में टनल निर्माण हेतु मेरी दुकान एवं मकान सुरक्षा की दृष्टि से खाली कराया गया था। विस्थापन के समय मुझे कुछ राशि दी गई थी। मैंने व्यापार हेतु बैंक से लोन लिया था, जिसकी इस महीने की किश्त बाउंस हो गई है। व्यापार पुन: चालू करने एवं मकान सुधार हेतु विस्थापन में दी जाने वाली सहायता राशि दिलाई जाये। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने पीडब्ल्यूडी और एनव्हीडीए के अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
नामांतरण करायें
जनसुनवाई के दौरान विजयराघवगढ़ निवासी मनीराज शुक्ला ने कलेक्टर श्री तिवारी को अपनी शिकायत में बताया कि मैनें 2 अगस्त 2025 को जमीन का नामांतरण करवाने के लिए तहसील कार्यालय में आवदेन किया था। परंतु अभी तक मेरा नामांतरण नहीं हो सका है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने विजयराघवगढ़ तहसीलदार को मनीराज शुक्ला के जमीन का नामांतरण करवाने के निर्देश दिए।
बकरी पालन हेतु ऋण दिलायें
हीरापुर कौडि़या निवासी शकुंतला ने कलेक्टर श्री तिवारी को आवेदन देते हुए बताया कि मैनें बकरी पालन हेतु ऋण के लिए पशुपालन विभाग में आवेदन दिया था, परंतु विभाग के कई चक्कर लगाने के बावजूद अभी तक ऋण नहीं मिल सका है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने पशुपालन विभाग के उपसंचालक को पात्रतानुसार ऋण दिलाने के निर्देश दिए।
वेतनमान भुगतान हेतु आवेदन
बड़वारा निवासी सुशील कुमार तिवारी ने कलेक्टर श्री तिवारी को आवेदन देते हुये बताया कि मेरे पिता श्री राम सुरेश तिवारी जनपद पंचायत बड़वारा में पीसीओ के पद पर पदस्थ थे और वर्ष 2021 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परंतु उनका सातवां वेतनमान और समय वेतनमान का एरियस का भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायत सीईओ को आवश्यक कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिये।


