कटनी ( 23 फरवरी ) – शासन निर्देशों के अनुपालन में निगम प्रशासन द्वारा शहर वासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति हेतु मुस्तैदी से प्रयासों के साथ ही नगर निगम के माध्यम से नागरिकों को की जाने वाली पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत के त्वरित निराकरण सहित आवश्यक सुझाव प्राप्त हेतु मंगलवार 24 फरवरी को वार्ड स्तरीय जल सुनवाई का आयोजन किया गया है।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों को वार्ड स्तरीय जल सुनवाई के दौरान नागरिकों से जलापूर्ति से संबंधित प्राप्त होने वाली समस्याओं एवं आवेदनों पर सुनवाई करते हुए उन पर शीघ्रता से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
जल सुनवाई का समय
उपयंत्री श्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि जल सुनवाई के तहत वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सुनवाई की जायेगी। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 16 से 30 तक के लिए 12ः30 बजे से 2ः30 बजे तक तथा वार्ड क्रमांक 31 से 45 तक के लिए जल सुनवाई का आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। जल सुनवाई में नगर निगम कटनी की जल प्रदाय शाखा के अधिकारी, प्रशिक्षित कर्मचारी एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहेंगे, जो प्राप्त शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
जल सुनवाई के दौरान नागरिकगण पेयजल की गुणवत्ता, पाइप लाइन लीकेज अथा जल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इसके अलावा नागरिकगण जल सुनवाई के दौरान घरों में सप्लाई किये जाने वाले पेयजल का नमूना भी साथ में लाकर पेयजल की गुणवत्ता का परीक्षण जल सुनवाई के दौरान करके उसकी गुणवत्ता रिपोर्ट से अवगत हो सकेंगे। नागरिकों से वार्डवार आयोजित होने वाले जल सुनवाई का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने की अपील निगम प्रशासन ने की है।


