कटनी (22 फरवरी) – जिले में खनिज राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली तथा अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के रूप में संचालित इन कार्रवाइयों के तहत पिछले दो महीनों में 50 से अधिक प्रकरण दर्ज कर लगभग 30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
कलेक्टर श्री तिवारी की अध्यक्षता में विगत दिनों आयोजित संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनवरी से अब तक अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई है।
उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि—अवैध उत्खनन के 3 प्रकरणों में 2 लाख रुपये,अवैध भंडारण के 3 प्रकरणों में 8 लाख रुपये,तथा अवैध परिवहन के 40 से अधिक प्रकरणों में लगभग 20 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।कुल मिलाकर 50 से अधिक प्रकरणों में करीब 30 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है।
लापरवाह खदान संचालकों पर कार्रवाई
वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए राजस्व वसूली की प्रक्रिया और तेज कर दी गई है। नियमों की अनदेखी करने वाली 4 खदानों के विरुद्ध निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। भू-भाटक (डेड रेंट) एवं बकाया राशि समय पर जमा न करने वाले संचालकों को नोटिस जारी कर कड़े निर्देश दिए गए हैं।
तकनीक से निगरानी
जिले में खदानों की निगरानी के लिए भौतिक निरीक्षण के साथ-साथ सैटेलाइट इमेजरी जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इससे अवैध उत्खनन वाले क्षेत्रों की सटीक पहचान संभव हो रही है। प्रशासन का उद्देश्य खनिज उत्पादन को व्यवस्थित करना, समय पर रॉयल्टी जमा कराना तथा पर्यावरणीय एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है।
प्रमुख प्रकरणों में दंडात्मक कार्रवाई
23 दिसंबर 2025, ग्राम सुतरी, तहसील बरही में खसरा क्रमांक 470 (रकबा 13.820 हे.) के अंश भाग में श्री अनिल कुमार कचेर द्वारा 50 घनमीटर रेत उत्खनन पर 1,87,500 रुपये का अर्थदंड।इसी दिन श्री दिलीप सिंह गौड़ द्वारा 55 घनमीटर रेत उत्खनन पर 2,06,125 रुपये का अर्थदंड।फरवरी 2026, ग्राम पिपरिया शुक्ला, तहसील ढीमरखेड़ा में 13 घनमीटर रेत उत्खनन पर संबंधित आरोपियों पर कुल 50,640 रुपये का अर्थदंड।13 फरवरी 2026, ग्राम जमुवानी कला, तहसील विजयराघवगढ़ में 105 टन चूना पत्थर के अवैध खनन पर संबंधित व्यक्तियों पर कुल 2,52,000 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें सभी तहसीलों में सक्रिय हैं और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


