कटनी
शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. रीना मिश्रा, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. संजयकांत भारद्वाज एवं श्रीमती रिचा दुबे के नेतृत्व में सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मानव जीवन विकास समिति, मझगवां में किया गया।
शिविर के तृतीय दिवस दैनिक गतिविधियों के साथ बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: वरदान या अभिशाप एवं साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता” रहा। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में श्री कुमार जैनेंद्र सिन्हा, डॉ. अर्पित द्विवेदी, डॉ. शिल्पी कुमारी एवं डॉ. मदन मरावी उपस्थित रहे। विशेष बात यह रही कि छात्राओं को ही मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष की भूमिका दी गई, जिससे उनके आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
. अर्पित द्विवेदी ने साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा उपायों तथा एआई से जुड़े प्रश्नों के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। वहीं डॉ. मदन मरावी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, लाभ एवं संभावित दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. शिल्पी कुमारी ने छात्राओं के नैतिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास पर जोर देते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
श्री कुमार जैनेंद्र सिन्हा ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सत्र के दौरान ऑडियो क्लिप के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी उपयोगी जानकारियां भी साझा की गईं। अतिथियों ने छात्राओं के मन में उठ रहे विभिन्न प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया।
यह परिचर्चा छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई, जिसने उन्हें आधुनिक तकनीक के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं से अवगत कराते हुए सुरक्षित, सजग एवं जागरूक भविष्य की ओर प्रेरित किया।


