कटनी। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार नें वर्तमान बदलते मौसम को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के मद्देनजर नगरीय क्षेत्र में मच्छरों के प्रसार पर नियंत्रण तथा मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को फागिंग अभियान के साथ साथ कीटनाशक दवाओं के छिड़काव हेतु विशेष अभियान चलानें के निर्देश दिए है।
निगमायुक्त सुश्री परिहार नें स्वास्थ्य अमले को अभियान के तहत नगर के विभिन्न वार्डों, संवेदनशील स्थलों, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में सुनियोजित रूप से दवा छिड़काव कर मच्छरों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण के प्रयास करने हेतु निर्देशित किया है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य अधिकारी को नगर में आयोजित हो रहे फागिंग अभियान तथा कीटनाशक दवा के छिड़काव हेतु चलाये जाने वाले वाले अभियान की नियमित मॉनिटरिंग, दवा छिड़काव की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास जलभराव न होने दें, स्वच्छता बनाए रखें तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।


