शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बारात के दौरान चली गोली, 15 वर्षीय बैंड कर्मी की मौत
मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह उस समय भय और अफरातफरी में बदल गया, जब बारात के दौरान अचानक गोली चल गई। इस गोलीकांड में बैंड पार्टी में शामिल 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना मोतीनगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सरोज मैरेज गार्डन में अंबा ज्वेलर्स के सोनी परिवार का विवाह समारोह आयोजित था। बारात गोला कुआं से मैरेज गार्डन की ओर बढ़ रही थी। आगे बैंड बज रहा था और जश्न का माहौल था, तभी अचानक फायरिंग की आवाज गूंजी।
गोली लगते ही जमीन पर गिरा किशोर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने के कुछ ही सेकंड बाद विवेक बंसल (15) जमीन पर गिर पड़ा। शुरुआत में लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब उसके सीने से खून निकलता दिखा तो हड़कंप मच गया। साथी बैंड कर्मियों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्रोन कैमरे जब्त, रिकॉर्डिंग से सुराग की उम्मीद
बताया गया है कि बारात की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने सभी ड्रोन जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि फायरिंग की पूरी घटना कैमरे में कैद हो सकती है, जिससे आरोपी की पहचान और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
एक संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जिस पर गोली चलाने का शक है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने के बाहर परिजनों का हंगामा
मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल और फिर थाने पहुंचे। आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ समय तक थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया गया। हालात को देखते हुए तीन थानों का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
फाइल फोटो


