पन्ना जिला के शाहनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत सुंगरहा गांव में पशु क्रूरता की एक गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक गाय को कथित रूप से विस्फोटक पदार्थ (गोला) खिलाए जाने से उसका जबड़ा बुरी तरह फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार,सुंगरहा गांव के स्थानीय नागरिकों एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने घायल अवस्था में गाय को देखा, जिसके मुंह से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। घटना की सूचना तत्काल थाना शाहनगर पुलिस को दी गई तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
इस संबंध में सुरेश कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण —अनिल कुशवाहा, सचिन सिंह, सत्यम,जीतेन्द्र सिंह एवं शैलेन्द्र सिंह—ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की अमानवीय घटनाएं क्षेत्र में पूर्व में भी सामने आ चुकी हैं, जिससे गौवंश की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।


