कटनी (03 फरवरी) – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मंगलवार को बिजौरी स्थित मानव जीवन विकास समिति द्वारा संचालित कोदौ-कुटकी, हल्दी, धनिया, मिर्च और तेल घानी की प्रोसिसिंग यूनिट का निरीक्षण किया और अदरक एवं हल्दी जैसी किसानों के लिये फायदेमंद औषधीय फसलों की जानकारी दी।
इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नायब तहसीलदार ऋषि गौतम और पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, उपसंचालक कृषि अरूणिमा सेन अयंगर मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले के ग्रामीण अंचल में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिये किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर सचिव श्री सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा गांव-गांव में बीआरसी केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। जहां से किसानों को उचित मूल्य पर जैविक खाद और फसलों के लिये कीटाणुरोधी दवाईयां भी उपलब्ध कराई जाती है। संस्था द्वारा इस साल संगम बीडी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा कोदौ का भी समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया गया है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने संस्था के कार्यों की सराहना किया और उन्होंने कहा कि मानव जीवन विकास समिति के माध्यम से गांव-गांव तक औषधीय फसल अदरक, हल्दी, चिया और अश्वगंधा के क्षेत्राच्छादन रकबे में बढ़ोतरी किया जाय और इसकी खेती में ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाई जाये। इन फसलों की खुले बाजार में भी किसानों को अच्छी कीमत मिलेगी।


