कटनी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कटनी के पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्पित पोद्दार ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश के स्वतंत्रता सेनानियों व संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी भारतीय लोकतंत्र, संविधान और गणराज्य की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। वर्ष 1950 में इसी दिन भारत ने अपने संविधान को अंगीकार कर एक संप्रभु, लोकतांत्रिक और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर पहचान बनाई।
श्री पोद्दार ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल मूल्यों पर आधारित एक जीवंत दस्तावेज है, जो प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। इन्हीं संवैधानिक आदर्शों के बल पर भारत आज विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना के विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र देश को समावेशी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
श्री पोद्दार ने मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य औद्योगिक निवेश, कृषि-किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं अधोसंरचना विकास के साथ-साथ महिला एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
अंत में उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रहित में समर्पण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लें तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत एवं मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।


