दो सगे भाइयों ने युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला**
कटनी। शहर के कुठला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब पुरानी सब्जी मंडी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चाकूबाजी की वारदात सामने आई। मामूली “साइड लेने” की कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक युवक लहूलुहान हो गया।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार इंडिया होटल कुठला के पास बाइक सवार युवकों के बीच सड़क पर साइड देने और कट मारने को लेकर विवाद हुआ। पहले तो मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद बदला लेने की नीयत से दो सगे भाइयों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल युवक की पहचान आशीष पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पहले विवाद के बाद आशीष पुरैनी की ओर चला गया था, लेकिन जब वह लौट रहा था, तभी पुरानी सब्जी मंडी के पास दोनों आरोपी भाइयों ओम रजक और अंकित रजक ने दोबारा घेर लिया। इसके बाद गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते दोनों भाइयों ने आशीष पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
घटना के वक्त संयोग से वहीं से गुजर रहे कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी से तुरंत शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आशीष की हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शहर में इस घटना के बाद सड़क विवादों को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है।


