छिन्दवाड़ा/22 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल द्वारा आज जिले के विकासखंड मोहखेड़ का गहन एवं आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मोहखेड़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी एवं जनशिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए लोक सेवकों के सत्यापन, ई-सर्विस बुक के अद्यतन, एमपी टास एवं ओटीआर में पंजीयन, समेकित छात्रवृत्ति, बैंक खाता अद्यतन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के सुरक्षित भंडारण के लिये स्थान निर्धारण, समयमान-वेतनमान, क्रमोन्नति एवं एरियर्स भुगतान, रोकड़ पंजी निरीक्षण, अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विकासखंड में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण कार्य निरंतर बनाए रखने के लिये प्रेरित किया गया।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मोहखेड़ का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों से वन-टू-वन चर्चा की गई तथा विद्यार्थियों को मानसिक एकाग्रता एवं कंसंट्रेशन बढ़ाने के लिये योग एवं प्राणायाम को नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी के लिये विद्यालय में ही प्रतिदिन एक-एक घंटे के विशेष कालखंड सुनिश्चित किए जाएँ। विद्यालय में जेईई एवं नीट की कक्षाएँ नियमित संचालित पाई गईं। विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं शैक्षणिक गुणवत्ता उत्कृष्ट पाई गई, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा प्राचार्य श्री जगदीश ग्यार सहित समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए इसी प्रकार कार्य करने के लिये प्रेरित किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षा केंद्र के लिये आवश्यक सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतुष्टि व्यक्त की गई।
इसके पश्चात शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलपुर का निरीक्षण किया गया, जहाँ विद्यार्थियों की उपस्थिति कम तथा शैक्षणिक स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य एवं शिक्षकों को विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने एवं बोर्ड परीक्षाओं की विशेष तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अंत में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पालाखेड़ का निरीक्षण किया गया, जहाँ बोर्ड परीक्षा केंद्र की तैयारियाँ, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संतोष व्यक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री वामनराव खपरे भी उपस्थित थे।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


