छिन्दवाड़ा/ 21 जनवरी 2026/ वर्तमान समय में युवाओं एवं किशोरों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, नशे के कारण बिगड़ता पारिवारिक माहौल, स्वास्थ्य पर पड़ता गंभीर प्रभाव तथा अपराधों में हो रही वृद्धि को देखते हुए नशा मुक्ति को लेकर जन-जागरूकता की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी सामाजिक आवश्यकता के मद्देनज़र कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में चल रहे ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं परामर्शदाताओं श्री विनोद तिवारी, तृप्ति ठाकुर, लता नागले, आशीष साहू एवं जय प्रकाश साहू के सहयोग से आज जिला अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह नुक्कड़ नाटक मॉडल फ्यूचर संस्था द्वारा संचालित टी वर्ल्ड स्कूल के स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी अंधकार की ओर ले जाता है। बच्चों ने सरल, भावनात्मक और प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ.सुशील दुबे, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.हर्षवर्धन कूड़ापे एवं डॉ.एमपी यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष आयशा लोधी के प्रतिनिधित्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ.महेश बंदेवार, वंदना भटपगार, अंजू साहू, आराधना पवार, अलका शुक्ला, डी.पी.मालवीय, स्वाति शर्मा, शैलेंद्र उज्वने, डॉ.शेख असलम, मोहम्मद इस्माइल कुरेशी, संध्या कुमरे, कीर्ति सोमकुंवर एवं सिमरन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यह समझाना रहा कि नशा छोड़ना ही स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य की ओर पहला कदम है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


