छिन्दवाड़ा/15 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी, श्रीमती लता नागले, श्री जयप्रकाश साहू, श्री आशीष साहू एवं श्रीमती तृप्ति ठाकुर के सहयोग से ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत नगर ग्राम के वार्ड नंबर 7 में स्वच्छता जागरूकता को लेकर एक रचनात्मक एवं संदेशात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति के माध्यम से आयोजित इस पहल में पतंग प्रतियोगिता के जरिए आमजन तक स्वच्छता का संदेश पहुँचाया गया। वार्ड नंबर 7 के पार्क में टी वर्ल्ड स्कूल के बच्चों के साथ यह अभियान चलाया गया, जिसमें बच्चों ने पतंगों पर स्वच्छता संबंधी संदेश और स्लोगन लिखकर उन्हें उड़ाया तथा वार्डवासियों को साफ़-सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में हमारा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी से श्री नरेंद्र सोनकुंवर सहित एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। नगर विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती आयशा लोधी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जनभागीदारी और नवाचार के माध्यम से स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों को जन आंदोलन का रूप दिया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने वार्ड एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


