छिन्दवाड़ा/14 जनवरी 2026/ मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला छिंदवाड़ा में सामाजिक समावेशन एवं सामाजिक विकास कार्यक्रम के तहत “नयी चेतना अभियान 4.0” का आयोजन मकर संक्रांति के अवसर पर किया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने हेतु इस अभियान को “हौसलों की उड़ान” नाम दिया गया है। अभियान 13 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सुश्री रेखा अहिरवार ने बताया कि अभियान के दूसरे दिन 14 जनवरी 2026 को जिले के विभिन्न विकासखंडों में विशेष पतंग महोत्सव एवं गुड़-तिल बैठक का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत “उड़ान बदलाव की” थीम पर तिल-गुड़ आयोजन, कुपोषण से मुक्ति पर संवाद सत्र, सावित्रीबाई फुले की प्रेरक कहानी तथा सामूहिक भोजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। छिंदवाड़ा के 9 विकासखंडों के 48 सीएलएफ सीएलएफ स्तर पर गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जिसमें स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
विकासखंड छिंदवाड़ा में प्रतिज्ञा सीएलएफ गुरैया, श्रीशक्ति सीएलएफ उमरिया इसरा एवं आदिशक्ति सीएलएफ सॉख द्वारा सहभागिता की गई। आयोजित पतंग प्रतियोगिता में श्रीशक्ति सीएलएफ को प्रथम पुरस्कार शील्ड प्रदान की गई, जबकि अन्य दो सीएलएफ को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 महिलाओं ने सहभागिता करते हुए तिल-गुड़ के लड्डू एवं खिचड़ी का वितरण किया।
इसी तरह विकासखंड चौरई में 6 सीएलएफ के मध्य पतंग महोत्सव प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रार्थना सीएलएफ सांख की श्रीमती मांती वाडिवा दीदी को प्रथम पुरस्कार प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। अभियान के अंतर्गत 15 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आजीविका भवन, सीएलएफ भवन, रूरल कंसल्टेंसी सेंटर, आजीविका पुस्तकालय, नदी घाट एवं ग्राम पंचायत भवनों में किया जाएगा।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


