कटनी।माधव नगर थाना क्षेत्र के संजय नगर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक किराए के मकान के अंदर पिता और पुत्र की एक साथ लाशें बरामद की गईं। कमरे से आ रही तेज दुर्गंध ने लोगों को अनहोनी की आशंका में डाल दिया, जिसके बाद तत्काल माधव नगर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब मकान का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। कमरे के भीतर 62 वर्षीय पिता और 28 वर्षीय पुत्र मृत अवस्था में पड़े मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी देते हुए माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि मृतक पिता विनय कुमार राय ग्राम अमरोली बैढ़न, जिला सिंगरौली के निवासी थे और पेशे से शिक्षक थे, जो पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वहीं उनका पुत्र आनंद कुमार राय एक एसीसी फैक्ट्री में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार दोनों पिता-पुत्र किराए के मकान में रह रहे थे, जो कई दिनों से अंदर से बंद था। जब आसपास के लोगों को दुर्गंध महसूस हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान कमरे से जहरीली दवा की खाली शीशियां भी बरामद की गई हैं।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिता-पुत्र दोनों कर्ज से परेशान थे। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक तंगी के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो।
फिलहाल पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर लिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
डिस्क्लेमर यह समाचार प्रारंभिक जानकारी एवं पुलिस सूत्रों पर आधारित है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।


