युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद DAV कैलड्रीज विद्यालय में विशेष आयोजन
कटनी | 12 जनवरी 2026
डी.ए.वी. कैलड्रीज विद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भारत के महान संत, युगद्रष्टा विचारक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की आदरणीय प्रधानाचार्या महोदया एवं शिक्षकगण द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या महोदया ने अपने प्रेरक संबोधन में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन, युवाओं के प्रति उनके अटूट विश्वास तथा उनके ओजस्वी विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं की छात्रा आराध्या जैन ने युवाओं की सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इसके पश्चात कक्षा नवमी ‘अ’ एवं ‘ब’ के विद्यार्थियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित एक सशक्त एवं भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
इसी क्रम में निशा मतानी मैम द्वारा विद्यार्थियों के लिए ऊर्जावान वार्म-अप सत्र का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह एवं सक्रियता का संचार हुआ। वहीं कक्षा सातवीं ‘ब’ के छात्र ओजस जैन ने शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में दिए गए स्वामी विवेकानंद जी के ऐतिहासिक संबोधन पर अपने विचार साझा कर सभी को गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलने, आत्मबल, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने के साथ हुआ। सम्पूर्ण आयोजन प्रेरणा, सकारात्मक ऊर्जा और युवा चेतना से परिपूर्ण रहा।


