छिन्दवाड़ा/08 जनवरी 2026/ मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे पर्यटन ग्राम गुमतरा में होम स्टे संचालकों को अतिथि सत्कार की चार दिवसीय ट्रेनिंग दी गई। गांव में आने वाले पर्यटकों का किस तरह से यादगार स्वागत किया जाए और पर्यटकों को आतिथ्य सत्कार से मंत्रमुग्ध किया जाए, ताकि वे बार-बार आ सकें, यह सब इस कार्यशाला में सिखाया गया। गुमतरा को ऑफबीट डेस्टिनेशन के रूप में सक्षम, सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन ग्राम बनाकर विश्व पटल पर लाने के लिए यह ट्रेनिंग प्रोग्राम हुआ। यहां पर होम स्टे संचालकों को रात्रि कालीन एक्टिविटी की ट्रेनिंग भी दी गई।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद व मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की पहल पर यह कार्यक्रम हुआ। पेंच नेशनल पार्क के जमतरा गेट के पास बसा गुमतरा गाँव अपने आप में पर्यटन की असीम संभावनाएं समेटे हुए है। पर्यटन ग्राम गुमतरा में एआईएचसीएल होटल ताज एवं टाटा स्ट्राइव द्वारा आयोजित चार दिवसीय होमस्टे होस्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम ने स्थानीय युवाओं और होमस्टे संचालकों में नई ऊर्जा का संचार किया। होम स्टे संचालकों के साथ पर्यटन गतिविधियों से जुड़े 45 सदस्यीय दल को ट्रेनिंग के दौरान अनेक नए अनुभव सीखने को मिले। कार्यक्रम का नेतृत्व रिजनल ऑपरेशनल लीड श्री प्रदीप लिंगवाट (लीड-एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम एवं लीड वेस्ट ऑपरेशंस, टाटा स्ट्राइव) ने किया। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों आकाश भारद्वाज एवं दिनेश चतुर्वेदी द्वारा किया गया। प्रतिभागियों को ग्रूमिंग, हाइजीन, सेफ़्टी और बेसिक हॉस्पिटैलिटी स्किल्स की गहन जानकारी दी गई, जिसका उद्देश्य गुमतरा को एक सक्षम, सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करना है। उल्लेखनीय है कि गुमतरा में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने होम स्टे बनवाए हैं और प्राकृतिक रूप से समृद्ध यह गांव पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


