रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रतिभूति कागज कारखाना (SPM) में नवीन पेपर मशीन की स्थापना हेतु केंद्रीय मंत्रिमंडल से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग ₹1700 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है, जो क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
यह उल्लेखनीय है कि यह स्वीकृति नर्मदापुरम-होशंगाबाद लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी जी के सतत प्रयासों और प्रभावी पहल का प्रतिफल है। उनके द्वारा लगातार विषय को संसद एवं संबंधित मंत्रालयों के समक्ष प्रभावी रूप से रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप यह राष्ट्रीय महत्त्व की परियोजना साकार हो सकी। प्रतिभूति कागज कारखाना, भारत प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड (SPMCIL) की एक प्रमुख इकाई है, जो देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील कागज आवश्यकताओं की पूर्ति करती है। वर्तमान में संचालित पुरानी मशीनों के स्थान पर नवीन अत्याधुनिक पेपर मशीन की स्थापना से उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस परियोजना से न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा सुदृढ़ होगी, बल्कि नर्मदापुरम क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन,औद्योगिक सुदृढ़ीकरण, स्थानीय युवाओं को तकनीकी अवसर तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्य मंत्री डॉ मोहन यादव तथा केंद्र सरकार के समस्त शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी जी के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नर्मदापुरम को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाला सिद्ध होगा।


