कटनी (30 दिसंबर) – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला स्तरीय निरीक्षण समिति द्वारा ज़िलें में मिशन वात्सल्य अंतर्गत संचालित किलकारी शिशु गृह (विशेषज्ञ दत्तक गृहण एजेंसी), आसरा बाल गृह एवं आशा किरण बाल गृह का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 संशोधित 2021 की धारा 54 के प्रावधानुसार ज़िलें में संचालित बाल देखरेख संस्थाओं के निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय निरीक्षण समिति का गठन किया गया है।
जिला स्तरीय निरीक्षण समिति अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा की अध्यक्षता में गठित की गई है। समिति में जिला बाल संरक्षण अधिकारी सदस्य सचिव हैँ। साथ ही पर्यावरणविद् एवं मानवजीवन विकास समिति के सचिव श्री निर्भय सिंह, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री योगेश सिंह बघेल, डॉ पूजा हिन्दुजा, जिला चिकित्सालय से डॉ संदीप निगम एवं डॉ अशोक चौधहा सदस्य गण हैँ।
समिति द्वारा बाल देखरेख संस्थाओं के निरीक्षण के दौरान संस्था में निवासरत बच्चों को उपलब्ध आश्रय, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल आदि सुविधाओं की जानकारी ली गई। समिति द्वारा बच्चों से उनकी शैक्षणिक प्रगति, संस्था में उपलब्ध सुविधाओं एवं सह पाठ्यक्रम गतिविधियों के सम्बन्ध में चर्चा की गई।
समिति द्वारा संस्था अधीक्षक से बच्चों के पुनर्वास, स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति एवं नस्तियों के संधारण की जानकारी ली गई। समिति द्वारा अधीक्षकों को बाल देखरेख संस्थाओं के बेहतर संचालन हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये गये।

