छिन्दवाड़ा/29 दिसंबर 2025/ ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा संचालित सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिछुआ में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.निलेश सिडाम, नेत्र चिकित्सा अधिकारी डॉ.उमेश उमरेठे, संस्था समन्वयक श्री आशीष पाल, संस्था कार्यकर्ता सर्वश्री श्रावण हटवार, विरेन्द्र पवार, अभिषेक विश्वकर्मा, सुश्री प्राची मंगरुले एवं विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यशाला में विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में कार्यरत 40 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यशाला में संस्था समन्वयक श्री पाल ने कहा कि मानसिक समस्याएं भी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की तरह हैं, जिन्हें समय पर सहायता और संवाद से सुधारा जा सकता है। हमें मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने की जरूरत हैं। उन्होंने कार्यशाला का उद्देश्य बताते हुए कहा समुदाय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों का चिन्हांकन, सही समय पर हस्तक्षेप करना और मानसिक समस्याओं को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के लक्षणों की पहचान बताते हुए तनाव, अवसाद और चिंता से संबंधित जानकारी दी।
कार्यशाला में विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सिडाम ने कहा कि उचित उपचार से मानसिक स्वास्थ्य समस्या से पीड़ित स्वस्थ हो सकता है। नेत्र चिकित्सा अधिकारी डॉ.उमरेठे ने भी मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में सहभागियों को मानसिक स्वास्थ्य संदर्भ पुस्तिका, हेल्पलाइन नंबर और टेली-काउंसलिंग सेवाओं की सूची भी प्रदान की गई।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


