कटनी | स्वच्छता व यातायात सुधार को लेकर नगर निगम की सख्ती, 8350 रुपये का स्पॉट फाइन
कटनी। नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था के साथ ही सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा लगातार निरीक्षण और सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में संबंधित अमले ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों का नियमित निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों, अमानक पॉलिथीन का उपयोग करने वाले दुकानदारों तथा सड़कों पर आवारा मवेशी छोड़कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई।
गंदगी व अमानक पॉलिथीन पर 7,050 रुपये का जुर्माना
जोन क्रमांक 4 माधव नगर क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान अमानक पॉलिथीन के उपयोग और सार्वजनिक मार्गों पर गंदगी फैलाने पर 5,450 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया।
वहीं जोन क्रमांक 3 के खिरहनी ओवरब्रिज से माई नदी–राहुल बाग मार्ग पर दुकानदारों द्वारा गंदगी फैलाने पर 1,600 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को अमानक पॉलिथीन का उपयोग न करने और दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने की हिदायत दी गई।
आवारा मवेशियों पर 1,300 रुपये की कार्रवाई
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की हांका गैंग द्वारा चलाए गए अभियान में पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ने और नियमों का पालन न करने पर 1,300 रुपये का जुर्माना किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने तथा पशुपालकों से अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।
निगम प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि नागरिकों की सुरक्षा, सुगम यातायात और स्वच्छ शहर के संकल्प से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


