रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय नर्मदापुरम नगर में बीच बाजार में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर निरंतर हुई चोरी की घटनाओं को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने चिंता व्यक्त करते हुए सिटी कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर और देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे के साथ गत दिवस सर्किट हाउस में बैठक लेकर कार्यवाही के निर्देश दिए। विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा ने नर्मदापुरम में हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कानून व्यवस्था को लेकर बैठक कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था,चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण करने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए और पुलिस अधिकारियों से चर्चा भी की। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता और मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा ने व्यापारियों सहित नागरिकों की समस्याओं से अवगत कराते हुए चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर जोर दिया। श्री शर्मा ने कहा कि दुकानों के एसी पार्टस चोरी होना और उसमें से कॉपर मटेरियल चोरी होना अलग घटना सामने आ रही है। कॉपर चोरी करने वाले और खरीददार कौन है? इसका इस्तेमाल कहां हो रहा है इस विषय को भी ध्यान दिया जाए और चोरों को पकड़ा जावे। जिससे हमारे व्यापारी निश्चिंत होकर अपना व्यापार कर सके। अवगत हो कि नगर के मुख्य बाजार इंदिरा चौक, इतवारा बाजार के कई व्यापारियों की दुकानों की छत पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट तोड़कर कॉपर वायर, पाइपलाइन सहित अन्य सामग्री अज्ञात चोर चुरा कर ले गए थे जिसके बाद व्यापारियों ने बुधवार 24 दिसंबर को सिटी कोतवाली पहुंचकर FIR एफआईआर दर्ज कराई थी। व्यापारी महासंघ उपाध्यक्ष राजू जमनानी द्वारा बताया गया कि इस चोरी के कारण अब एक AC को सुधरवाने में करीब 30 से 32 हजार रुपए का खर्चा आएगा। वहीं पुलिस अधिकारियों द्वारा शीघ्र चोरों को पकड़े जाने की बात कही गई है।


