जिले में आयोजित सांसद खेल प्रतियोगिता एक बार फिर विवादों में आ गई है।प्रतियोगिता के समापन के दौरान कटनी जिले की सांदीपनि विद्यालय रीठी की कबड्डी टीम की नौ छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें से आठ छात्राओं को गंभीर हालत में कटनी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि एक छात्रा का इलाज रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन पन्ना जिले में किया गया था l जिसमे लगभग 40 खिलाड़ी गए हुए थे ।
इसमें कटनी जिले के रीठी स्थित सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं की कबड्डी टीम ने हिस्सा लिया था। समापन समारोह के बाद जब छात्राएं वापस लौट रही थीं, तब उन्हें भोजन पैकेट वितरित किए गए, जिसमें सब्जी और पूरी शामिल थी। भोजन करने के कुछ ही समय बाद छात्राओं को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर सबसे पहले छात्राओं को पन्ना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी उनका इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर देर रात उन्हें 108 एंबुलेंस से कटनी जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां आठ छात्राओं को भर्ती किया गया है। वहीं एक छात्रा एल्विना मशीह का इलाज रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
छात्राओं ने बताया कि भोजन करने के कुछ समय बाद ही उन्हें उल्टी होने लगी और सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। प्रारंभिक तौर पर यह मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने भोजन के नमूने लेने और मामले की जांच करने की बात कही है।
इधर घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि इतने बड़े स्तर के आयोजन में बच्चों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आयोजन समिति की लापरवाही को बच्चों की जान से खिलवाड़ बताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई एवं पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए ।वही इस घटना ने सांसद खेल प्रतियोगिता जैसी प्रतिष्ठित पहल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हरिशंकर बेन


