कटनी – नगर के तापमान में निरंतर गिरावट आने के कारण बढ़ती ठंड से शहर में आने वाले मुसाफिरों, जरूरतमंदों और आमजनों को राहत प्रदान करने हेतु नगर निगम द्वारा माकूल इंतजाम किए जा रहे है।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर रोजाना अलाव जलानें हेतु जलाऊ लकड़िया उपलब्ध कराई जा रही हैं। आवश्यकता अनुसार अलाव प्वाइंटों की संख्या में बढ़ोतरी भी की गई है। वहीं जरूरतमंदों के लिए बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में रात्रि गुजर के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए है। रैन बसेरा में रुकने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इस हेतु नागरिकों के लिए कंबल, धुली हुई चादर, साफ सफाई, शुद्ध पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर की जाकर व्यवस्थाओं का समय समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है।
*इन प्वाइंटों में की गई अलाव व्यवस्था*
स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शीत लहर से बचाव हेतु बुधवार शाम रेल्वे स्टेशन चौराहा, आरपीएफ थाना, कमानिया गेट हनुमान मंदिर, जिला चिकित्सालय परिसर, अंजुमन इस्लामिया स्कूल के सामने ,जगन्नाथ मंदिर तिराहा, महाकाल गली, सरस्वती स्कूल के पास, मुख्य स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 5 ऑटो स्टैंड सहित नगर के अन्य स्थलों में अलाव हेतु जलाऊ लकड़ियां उपलब्ध कराई गई।
*रैन बसेरा वाहन की निःशुल्क सेवा भी जारी*
ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न होना पड़े, इस हेतु निगम प्रशासन का रैन बसेरा मैजिक वाहन रात्रिकालीन नगर भ्रमण कर विभिन्न स्थलों से जरूरतमंद लोगों को वाहन में बैठकर निःशुल्क रैन बसेरा तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इस सुविधा का भरपूर लाभ भी जरूरतमंद नागरिकों को मिल रहा है।


