कलेक्टर श्री तिवारी ने अपने भ्रमण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की पढ़ाई की प्रगति का जायजा लेने के लिये शासकीय प्राथमिक शाला आनंदपुर तिहारी और महावीर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहोरीबंद पहुंचे। उन्होंने यहां छात्रों से खूब मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। कलेक्टर ने छात्रों से पाठ्यक्रम पूरा हुआ कि नहीं की जानकारी ली। बहोरीबंद स्कूल के कक्षा 12वीं की क्लास में भी कलेक्टर पहुंचे और सक्सेस 3.0 के तहत तैयार किये गये अंग्रेजी विषयवस्तु के संबंध में छात्रों से प्रश्न पूछे। सभी छात्रों ने कलेक्टर को पाठ पढ़कर सुनाया। इसके बाद कलेक्टर इसी स्कूल की कक्षा 8 में पहुंचे और छात्रों से अंग्रेजी की पाठ्य पुस्तक का पाठन कराया। यहां मौजूद प्राचार्य महेन्द्र कुमार राय ने बताया कि इस स्कूल में करीब 1280 छात्र-छात्रायें हैं। कलेक्टर ने यहां अधूरे निर्माणाधीन भवन को पूर्ण कराने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश बीआरसी को दिये। इस भवन के पूरा बन जाने पर स्कूल संचालन के लिये अतिरिक्त कमरों की उपलब्धता हो सकेगी। जिससे स्कूल संचालन में सुगमता होगी। कलेक्टर श्री तिवारी ने प्राथमिक शाला आनंदपुर में बच्चों से गणित, हिन्दी और सामान्य प्रश्न पूछा। जिसका छात्रों ने बड़ी कुशलता से सही जवाब दिया। इस पर कलेक्टर ने छात्रों को बिस्किट और टॉफियां प्रदान किया।


