रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय पर बीच बाजार क्षेत्र में चोरों द्वारा रात में दुकानों की छत पर लगे हुए एसी पार्ट्स चोरी कर लिए। इसके बाद व्यापारियों को जब इस बात की जानकारी लगी कि उनकी दुकान पर लगे एसी
के हजारों रुपए मूल्य के पार्ट्स चोरी कर लिए गए हैं तो व्यापारियों में दहशत मच गई। इसके बाद दुकानदारों ने सिटी कोतवाली नर्मदापुरम पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। वही व्यापारी महासंघ के उपाध्यक्ष राजू जमनानी द्वारा पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से बात की है और अवगत कराया कि नगर में मुख्य बाजार इंदिरा चौक क्षेत्र के मार्केट में पूर्व में अनेकों बार एसी के कॉपर पाइप काटकर चोर ले जा चुके हैं। बीती रात तो एक साथ पांच दुकानों के एसी आउटडोर और कॉपर ले गए हैं, जिससे व्यापारियों में अब दहशत निर्मित हो रही है। एसपी साहब द्वारा मामले को ट्रेस कराने की बात कही गई है। सूत्र बताते हैं कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के पीछे से भी पिछले दिनों एसी के कॉपर वायर पाइपलाइन काटकर चोरी किए गए हैं। परंतु सिविल सर्जन द्वारा फोन नहीं उठाए जाने से थाने में शिकायत किए जाने संबंधी कोई जानकारी नहीं लग सकी। चोरी की घटना को लेकर बुधवार को केदारनाथ वस्त्रालय दुकान संचालक संजय रूसिया सहित व्यापारी सुरेश मखीजा, लालचंद खत्री, कमल खत्री, कमलेश बड़ानी, महेश मखीजा, मोहित बत्रा, कैलाश आहूजा, निर्दोष जैन, राधेश्याम बड़ानी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि हम सभी लोगों की अलग-अलग दुकानें इतवारा बाजार इंदिरा चौक के पास स्थित है। जिनमें एसी लगे हुए हैं,जिनकी आउटडोर यूनिट दुकानों की छत पर कसी हुई हैं। 23 दिसंबर को रात्रि करीब 9:30 बजे हम लोग अपनी दुकानों को बंद कर घर चले गए थे। आज 24 दिसंबर को दिन करीब 01 बजे में छत पर बोर्ड ठीक करने गया तो देखा
मेरी दुकान के छत पर डायकान कंपनी का एसी का आउटडोर यूनिट टूटा हुआ है। अंदर देखा तो पार्ट्स गायब है, जिसमें अंदर मात्र फैन व कवर लगा हुआ है। जब आसपास की दुकानों के एसी के आउटडोर यूनिट देखे तो उनके यहां भी ऐसी ही स्थिति मिली, जिनके आउट डोर यूनिट टूटी थी और अंदर के पार्ट्स गायब मिले। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 303(2)में मामला कायम कर जांच में लिया गया है। फिलहाल चोरी की इस घटना के बाद बीच बाजार व्यापारियों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। क्योंकि यह क्षेत्र थाने के नजदीक एरिया में है। व्यापारियों ने बीच बाजार रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।


