कटनी (23 दिसंबर ) – शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और लेफ्ट टर्न को अतिक्रमण से मुक्त कराने की जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त मुहिम के तहत सोमवार को झंडा बाजार में अभियान चलाया गया। इस दौरान संयुक्त टीम द्वारा झंडा बाजार की विभिन्न गलियों में सार्वजनिक सड़कों में सामग्री रखकर व्यवसाय करने वालों की सामग्री जब्त की जाकर मार्गो के आवागमन को सुगम किया गया।
नगर निगम अतिक्रमण शाखा के प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि सार्वजनिक मार्गो में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ-साथ शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मुनादी भी करवाई गई। इसका उद्देश्य भविष्य की कार्रवाई से आगाह करना भी था। जिन क्षेत्रों में मुनादी की गई, इनमें दिलबहार चौराहा, स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, सुभाष चौक, रूई बाजार, झंडा बाजार, कोतवाली तिराहा, मिशन चौक, चांडक चौक शामिल हैं। मुनादी में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि कोई व्यक्ति इन क्षेत्रों में दोबारा अतिक्रमण करता है, तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक और चालानी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्वयं अतिक्रमणकर्ता की होगी।


