सूर्यवंशी (कलार) समाज छिंदवाड़ा की एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक दिनांक 21 दिसम्बर 2025 को षृष्टी माता मंदिर, छिंदवाड़ा में गरिमामय एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी की आरती एवं पूजन-अर्चना के साथ किया गया, जिसमें उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने श्रद्धा एवं एकजुटता के साथ सहभागिता निभाई।
बैठक में पधारे सभी समाजजनों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात अध्यक्ष महोदय श्री कृपाराम सूर्यवंशी जी की अनुमति से बैठक प्रारंभ हुई। बैठक का एजेंडा सचिव महोदय श्री नंदन सूर्यवंशी जी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिस पर समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं मातृशक्तियों ने अपने-अपने विचार, सुझाव एवं सामाजिक दृष्टिकोण साझा किए।
बैठक में हाल ही में समाज के एक जरूरतमंद परिवार को दी गई आर्थिक सहायता का उल्लेख करते हुए, इस पुनीत कार्य को सफल बनाने वाले सभी सामाजिक बंधुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही समाज में सहायता राशि कोष निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई। समाज के QR कोड के माध्यम से जन्मदिन, पुण्यतिथि एवं अन्य शुभ अवसरों पर स्वप्रेरणा से योगदान देने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से समर्थन मिला। इसी क्रम में समाज के सक्रिय सदस्या श्री केशरी नंदन सूर्यवंशी ने अपने पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर ₹5100/- की राशि एवं श्री महेश सूर्यवंशी जी द्वारा ₹3100/- की राशि तत्काल समाज के खाते में जमा कराई गई, जिसका उपस्थितजनों ने हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।
बैठक का एक अत्यंत महत्वपूर्ण एजेंडा भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी के मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रहा, जिसे सभी समाजजनों ने गर्मजोशी एवं उत्साह के साथ स्वीकार किया। इस पुनीत कार्य हेतु श्री प्रवीण (गुड्डा) सूर्यवंशी द्वारा 21,000 /- रूपये एवं श्री कृपाशंकर सूर्यवंशी द्वारा 11,000 /- रूपये की घोषाण की गई इसी तरह अनेक सामाजिक बंधुओं ने दान राशि की घोषणा भी की। कार्यकारिणी में सक्रिय सदस्यता के अंतर्गत ₹100/- प्रतिमाह (कुल ₹1200/- वार्षिक) का योगदान निर्धारित किया गया, जिसे समाजजनों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए एक वर्ष की राशि समाज के खाते में स्थानांतरित की।
समापन अवसर पर आभार प्रदर्शन श्री राधेश्याम सूर्यवंशी जी द्वारा किया गया। बैठक ने समाज में एकता, सहयोग, सेवा भावना और भविष्य निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ किया। सूर्यवंशी (कलार) समाज छिंदवाड़ा निरंतर सामाजिक समरसता, सहयोग और संस्कारों के संवर्धन हेतु प्रतिबद्ध है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


