कटनी – मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कटनी में विकासखंड कटनी, विजयराघवगढ़, बड़वारा, रीठी, बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा की स्व-सहायता समूह की 35 महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं स्वरोजगार स्थापित करने हेतु कृषि उद्यमी का 13 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण प्रबंधक पवन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण समन्वयक सुनील रजक तथा अनुपम पांडे के सहयोग से प्रशिक्षक रामसुख दुबे द्वारा दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि के अंतर्गत फसल उत्पादन, अनाज, दलहन, तिलहन के अतिरिक्त पशुपालन, मछलीपालन, मुर्गीपालन, मधुमक्खी पालन, रेशमकीट पालन, सब्जी उत्पादन, फल एवं फूल, औषधीय पौधों की खेती तथा वानिकी से आय बढ़ाने की जानकारी दी गई। साथ ही कम लागत तकनीकी जीरो बजट फार्मिंग के अंतर्गत विभिन्न जैविक कीटनाशक के अंतर्गत गोमूत्र, नीम की पत्ती, पांच पत्ती काढ़ा, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र तथा आग्नेयास्त्र आदि कीटनाशकों को बनाने तथा फसलों में उपयोग करने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षक श्री दुबे ने मिट्टी परीक्षण, मिट्टी नमूना लेने की विधि तथा परिणाम पत्र के आधार पर की गई सिफारिश के अनुसार खाद देने की जानकारी दी। साथ ही मिट्टी परीक्षण के लिए मिट्टी का नमूना लेने एवं जैविक कीटनाशक, पांच पत्ती काढ़ा को बनाने का प्रयोग प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षण में संस्था के कर्मचारी ओमप्रकाश तिवारी, राजेश विश्वकर्मा एवं अरुण नामदेव ने सहयोग किया।


