*जबलपुर जिले की तीन दिवसीय एक्सपोजर विजिट में कटनी और बहोरीबंद विकासखंड के चार दर्जन से अधिक प्रतिभागी हुए शामिल*
कटनी (18 दिसंबर)- राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की वार्षिक कार्य योजना के तहत जिले के कटनी एवं बहोरीबंद विकासखंड के 25-25 प्रतिभागी 15 दिसंबर से 17 दिसंबर तक की तीन दिवसीय एक्स्पोज़र विजिट में जबलपुर जिले की ग्राम पंचायतों में शामिल हुए। जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान आधार कार्ड जबलपुर के क्षेत्र में आयोजित भ्रमण कार्यक्रम में त्रिस्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी एवं शासकीय अधिकारी कर्मचारी सम्मिलित हुए। जनपद पंचायत कटनी से नोडल अधिकारी के रूप में श्री जग्गी पटेल, ब्लॉक समन्वयक एसबीएम एवं बहोरीबंद से संदीप विश्वकर्मा ब्लॉक समन्वयक (आरजीएसए) की अगुवाई में संबंधित जनपद पंचायतों के चार दर्जन से अधिक चिहिंत सरपंच, उप सरपंच,पंच और सचिवों ने भ्रमण कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित की।
एक्सपोजर विजिट में पंचायत के पदाधिकारी एवं लोक सेवकों ने केंद्र सरकार एवं राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्वयन की स्थिति को नजदीक से देखा। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों कर्मचारियों से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर संवाद किया।


