छिन्दवाड़ा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन द्वारा समय-समय पर जारी स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पी.एच.ई.) खंड परासिया के अंतर्गत स्थापित समस्त हैंडपम्पों एवं ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणालियों का विस्तृत सर्वेक्षण एवं निरीक्षण कार्य उप-यंत्रियों द्वारा मिशन मोड में धरातल पर किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी ग्रीष्म ऋतु के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सतत, सुचारु एवं निर्बाध बनाए रखना है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में उप-यंत्रियों द्वारा स्थल पर पहुँचकर पेयजल स्रोतों की वर्तमान स्थिति का सघन निरीक्षण किया जा रहा है, जिसमें हैंडपम्पों की कार्यशीलता, जल स्रोतों की उपलब्धता, नल-जल योजनाओं की स्थिति तथा संभावित तकनीकी समस्याओं का आकलन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिन स्थलों पर पेयजल आपूर्ति में बाधा अथवा भविष्य में संकट की संभावना पाई जा रही है, वहाँ तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के लिये कार्य-योजना तैयार की जा रही है। साथ ही आवश्यकता के अनुसार नवीन नलकूप खनन, हैंडपम्प मरम्मत, पाइपलाइन सुधार एवं अन्य तकनीकी कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण नागरिकों को गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े। इस अभियान के माध्यम से जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाए रखने की दिशा में निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


