उमरियापान:- उमरियापान के कुदवारी मोहल्ले में स्थित मुक्तिधाम की बदहाल स्थिति लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। मुक्तिधाम में मूलभूत सुविधाएँ न होने से अंतिम संस्कार के समय परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां न टीन शेड है, न पक्की चिता स्थल है, न छाया की व्यवस्था, न पेयजल और न ही शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएँ हैं। मुक्तिधाम तक पहुंचने का मार्ग भी कच्चा और उबड़-खाबड़ है, जिससे शव यात्रा के दौरान परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुदवारी मोहल्ले के वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 में मुक्तिधाम के नाम पर सिर्फ एक खाली स्थान चिन्हित है। जहां न नियमित सफाई होती है और न ही रखरखाव किया जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक सैकड़ों सालों से इसी स्थान पर अंतिम संस्कार किए जाते रहे हैं, लेकिन आज तक इसे विकसित करने की ओर किसी का ध्यान नहीं गया। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण स्थिति और भी विकट हो जाती है। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम पूरी तरह खुले मैदान जैसा है, जिसके चलते अंतिम संस्कार के बाद अस्थियाँ भी सुरक्षित नहीं रह पाती। कई बार कुत्ते राख से हड्डियां तक निकाल ले जाते हैं, जिससे परिजन मानसिक रूप से आहत होते हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में अन्य स्थानों पर बने मुक्तिधाम भी व्यवस्थित नहीं हैं, जबकि सरकार द्वारा सुव्यवस्थित मुक्तिधाम निर्माण पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
खुले में हुआ अंतिम संस्कार:- बीते सोमवार कुदवारी मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला का निधन हो गया। मंगलवार को जब उनका अंतिम संस्कार करने परिजन मुक्तिधाम पहुंचे तो उन्हें फिर खुले में ही संस्कार करना पड़ा। उपस्थित लोगों को भी खुले में बैठकर इंतजार करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि यहां हमेशा ही बिना किसी व्यवस्था के अंतिम संस्कार होते हैं और बारिश के दिनों में तो लोगों को पानी थमने का इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों की शिकायत,जिम्मेदार अनजान:-
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार पंचायत के जिम्मेदारों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर विषय पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे।
इनका कहना है:- अब तक मुक्तिधाम का निर्माण कार्य क्यों नहीं कराया गया है।पंचायत से इसकी जानकारी ली जाएगी। ग्रामीणों की आवश्यकता अनुसार मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा। :- यजुवेंद्र कोरी, सीईओ जनपद ढीमरखेड़ा
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


